Bihar Breaking News Live: बिहार में 'लाल आतंक' का संपूर्ण सफाया, 3 लाख के इनामी नक्सली सुरेश कोड़ा ने किया सरेंडर
Feb 16, 2026 | by Janjeevan
बिहार में 1.25 लाख से अधिक लोग बीड़ी और तंबाकू श्रमिक के रूप में पंजीकृत हैं, हालांकि उनकी वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है। राज्य सरकार ने बुधवार को विधानसभा में यह जानकारी देते हुए कहा कि इन श्रमिकों के कल्याण, दुर्घटना या विकलांगता की स्थिति में मुआवजे सहित अन्य विषयों को लेकर सरकार लगातार चिंतित है। श्रम संसाधन मंत्री संजय सिंह ‘टाइगर’ ने बताया, ‘भारत सरकार के ‘ई-श्रम पोर्टल’ के अनुसार कुल 1,25,453 लोगों ने खुद को तंबाकू श्रमिक के रूप में पंजीकृत कराया है। इनमें से लगभग 61,500 जमुई में, 4,947 नालंदा में, 194 सहरसा में और 203 खगड़िया जिले में हैं। हालांकि उनकी वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है।’
झारखंड के हजारीबाग जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के संदेह में 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि सूचना मिलने पर इचक, लोहसिंघना और बरकागांव थाना क्षेत्रों में छापेमारी की गई और गिरफ्तारियां की गईं। उन्होंने बताया कि इस अभियान में कुल 129.72 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित कुमार ने कहा, ‘जब्त की गई ब्राउन शुगर का अनुमानित मूल्य 18 लाख रुपये है।’
पश्चिम बंगाल में जनता उन्नयन पार्टी के अध्यक्ष हुमायूं कबीर द्वारा बनाई जा रही बाबरी मस्जिद पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। बिहार में एनडीए के नेताओं ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि ममता बनर्जी भी कबीर का साथ दे रही हैं। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि बाबरी मस्जिद से जुड़े मुद्दों पर भी बंगाल सरकार की भूमिका पर सवाल उठते हैं और ममता बनर्जी को डबल गेम नहीं खेलने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी बांग्लादेशी मुसलमानों के सहारे सत्ता में बनी रहना चाहती हैं, लेकिन अब बंगाल के हिंदू जाग चुके हैं। जो लोग ममता बनर्जी को ‘शेरनी’ कहते हैं, वे उन्हें गलत बताते हैं और आरोप लगाते हैं कि वे राज्य को बांग्लादेश बनाने की दिशा में ले जा रही हैं। वे आरोप लगाते हैं कि ममता बनर्जी तुगलक और औरंगजेब की तरह शासन चला रही हैं तथा हिंदुओं को दबाने का काम कर रही हैं।
झारखंड के चतरा जिले में ‘बच्चा चोर’ होने के संदेह में 40 वर्षीय, मानसिक रूप से निशक्त एक व्यक्ति की पीट-पीटकर कथित तौर पर जान लेने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार रात पिपरवार थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस के अनुसार, चिरैयाटांड़ और किचटो गांवों के निवासियों ने रामगढ़ जिले के बरवाटोली निवासी रामबली राजवार की बच्चा चोर होने के संदेह में बेतहाशा पिटाई की थी। राजवार की सोमवार को रांची स्थित राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में इलाज के दौरान मौत हो गई।
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात कथित तौर पर डायन होने के संदेह में एक महिला और उसके मासूम बच्चे को पेट्रोल छिड़क कर जिंदा जला दिया गया। इस दर्दनाक घटना में मां और बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला का पति गंभीर रूप से झुलस गया है। उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। वारदात की जानकारी बुधवार को पुलिस को तब हुई जब 12 आरोपियों ने खुद थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण किया।
सहरसा: जिले के सौर बाजार थाना क्षेत्र में एक मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया कि मंगलवार दोपहर में सौर बाजार थाना क्षेत्र में एक मासूम बच्ची खेत में खेल रही थी, तभी गांव का ही एक युवक ने उसे बहला-फुसलाकर अपनी हवस का शिकार बनाया और बेहोशी की हालत में उसे वहीं छोड़कर भाग गया। एक ग्रामीण द्वारा बच्ची के सुनसान स्थान में पड़े होने की जानकारी उसके परिजनों को दी गई। इसके बाद बच्ची को ग्रामीणों की मदद से परिजन आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे।

