नई दिल्ली, 23 अगस्त । नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने टाटा की अगुवाई वाली एयर इंडिया पर 90 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। यह जुर्माना एयरलाइन द्वारा नॉन क्वालिफाइड क्रू के साथ उड़ान संचालित करने के लिए लगाया गया है।
डीजीसीए की ओर से शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, एयर इंडिया पर नॉन क्वालिफाइड क्रू के साथ उड़ान संचालित करने के लिए 90 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। इसके अतिरिक्त, डीजीसीए ने एयर इंडिया के परिचालन निदेशक और प्रशिक्षण निदेशक पर क्रमश: 6 लाख रुपये और 3 लाख रुपये का भी जुर्माना लगाया है।
विज्ञप्ति में डीजीसीए ने एयरलाइन को चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। मामला तब सामने आया जब एयर इंडिया ने एक नॉन-ट्रेनर लाइन कैप्टन द्वारा संचालित उड़ान का संचालन किया, जिसे एक नॉन-लाइन-रिलीज़ प्रथम अधिकारी के साथ जोड़ा गया था। नियामक ने इसे एक गंभीर शेड्यूलिंग घटना के रूप में देखा, जिसके गंभीर सुरक्षा परिणाम हो सकते हैं।
यह मामला 10 जुलाई, 2024 को एयर इंडिया द्वारा प्रस्तुत स्वैच्छिक रिपोर्ट के माध्यम से सामने आया। इसके बाद, डीजीसीए ने एयरलाइन की परिचालन जांच की, जिसमें दस्तावेजों की समीक्षा और शेड्यूलिंग सुविधा की मौके पर जांच शामिल थी। डीजीसीए ने जांच के परिणामस्वरूप यह कार्रवाई की है।

