• 04:09 PM- Apr 11, 2026

गंगा नदी फोरलेन पुल का पाया संख्या 9 का सुपर स्ट्रक्चर हुआ जमींदोज


गंगा नदी फोरलेन पुल का पाया संख्या 9 का सुपर स्ट्रक्चर हुआ जमींदोज
Image Source By : Janjeevan

भागलपुर, 17 अगस्त । बिहार में पुलों के गिरने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हालिया घटना भागलपुर जिले के सुल्तानगंज में गंगा नदी पर निर्माणाधीन फोरलेन पुल से जुड़ी है, जिसका स्ट्रक्चर शनिवार को फिर से गिर गया है।

इस घटना से वहां हड़कंप मच गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, सुलतानगंज-अगुवानी गंगा नदी पर बन रहे फोरलेन पुल के पाया संख्या 9 का सुपर स्ट्रक्चर एक बार फिर धराशाई हो गया है। इस घटना ने बिहार सरकार के इस प्रोजेक्ट को एक बार फिर सवालों के घेरे में डाल दिया है, क्योंकि कंपनी ने इसे कुछ ही महीनों में चालू करने का दावा किया था। अगर पुल चालू हो जाता तो संभावित खतरनाक परिणाम हो सकते थे।

सुबह लगभग 7 बजकर 15 मिनट पर पुल महज कुछ सेकंडों में नदी में गिरकर ध्वस्त हो गया। चंद मिनटों में करोड़ों रुपए की लागत से बन रहे पुल ने एक बार फिर गंगा में जल समाधि ले ली। नीतीश सरकार के विकास के दावों के बावजूद, सुलतानगंज-अगुवानी गंगा नदी पर बन रहे इस फोरलेन पुल की यह तीसरी गिरावट है। पहली घटना 30 अप्रैल 2022 को हुई थी, जब पाया संख्या 4 और 6 को जोड़ने वाली 36 सेगमेंट हवा के झोंके में गिर गई थी। दूसरी बार 5 जून 2023 को शाम लगभग 6 बजे पाया संख्या 11, 12 और 13 को जोड़ने वाली कई सुपर स्ट्रक्चर नदी में गिर गई थी। अब यह तीसरी घटना है।

यह पुल 1750 करोड़ रुपये की लागत से एसपी सिंघला कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा बनाया जा रहा है, जिसने दावा किया था कि पुल को अगले वर्ष तक चालू कर दिया जाएगा।