• 04:10 PM- Apr 11, 2026

रामसर स्थलों की सूची में जुड़े तीन और स्थल, संख्या हुई 85


रामसर स्थलों की सूची में जुड़े तीन और स्थल, संख्या हुई 85
Image Source By : Janjeevan

नई दिल्ली, 14 अगस्त । स्वतंत्रता दिवस से पहले, भारत ने रामसर स्थलों की सूची में तीन नए स्थल जोड़े हैं। तमिलनाडु के नंजरायन पक्षी अभयारण्य और काज़ुवेली पक्षी अभयारण्य, और मध्य प्रदेश के तवा जलाशय को अब भारत के रामसर स्थलों में शामिल कर लिया गया है।

केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव ने इस पर खुशी व्यक्त करते हुए राज्यों को बधाई दी है। यादव ने एक्स पर साझा किए गए पोस्ट में इसे "त्रिगुण आनंद" बताते हुए कहा कि जैसे राष्ट्र स्वतंत्रता दिवस की तैयारी कर रहा है, वहीं भारत के रामसर स्थलों की सूची में तीन नई साइटें जोड़ी गई हैं। अब रामसर स्थलों की कुल संख्या 85 हो गई है, जो भारत में 13,58,068 हेक्टेयर क्षेत्र को कवर करती है।

उन्होंने इस उपलब्धि को प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करने, आर्द्रभूमियों को अमृत धरोहर मानने और उनके संरक्षण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निरंतर प्रयासों का परिणाम बताया। इस अवसर पर यादव ने तमिलनाडु और मध्य प्रदेश को नंजरायन पक्षी अभयारण्य, काज़ुवेली पक्षी अभयारण्य, और तवा जलाशय को रामसर स्थलों की सूची में जोड़ने पर बधाई दी।