मुंबई/नई दिल्ली, 08 अगस्त भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के गवर्नर शक्तिकांत दास ने गुरुवार को जानकारी दी कि देश का विदेशी मुद्रा भंडार 2 अगस्त को 675 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। इससे पहले, 19 जुलाई को यह भंडार 670.85 अरब डॉलर के उच्चतम स्तर पर था, जबकि 26 जुलाई को यह घटकर 667.38 अरब डॉलर रह गया था।
आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) की तीन दिवसीय द्विमासिक समीक्षा बैठक के बाद प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि देश को अपनी बाह्य वित्त पोषण जरूरतों को आसानी से पूरा करने का भरोसा है। उन्होंने यह भी बताया कि विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक जून 2024 से घरेलू बाजार में शुद्ध खरीदार बन गए हैं। जून से 6 अगस्त तक 9.7 अरब डॉलर का शुद्ध प्रवाह हुआ है, जबकि अप्रैल और मई में 4.2 अरब डॉलर की निकासी हुई थी।
गवर्नर दास ने कहा कि अप्रैल-मई 2024 में सकल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) में 20 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई। इस अवधि के दौरान शुद्ध एफडीआई प्रवाह भी पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में दोगुना हो गया है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि भारतीय कंपनियों द्वारा बाह्य वाणिज्यिक कर्ज में कमी आई है, लेकिन अप्रैल-मई में गैर-निवासियों की जमाराशियों में वृद्धि देखी गई है।

