• 04:28 PM- Apr 11, 2026

डीपीएल: अर्पित राणा के साहसिक अर्धशतक से पुरानी दिल्ली 6 को मिली पहली जीत


डीपीएल: अर्पित राणा के साहसिक अर्धशतक से पुरानी दिल्ली 6 को मिली पहली जीत
Image Source By : Janjeevan

नई दिल्ली, 22 अगस्त । सलामी बल्लेबाज अर्पित राणा की शानदार पारी की बदौलत पुरानी दिल्ली 6 ने बुधवार रात दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) के तीसरे मैच में वेस्ट दिल्ली लायंस को 7 विकेट से हरा दिया। श्री अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में राणा ने 43 गेंदों पर 56 रन की पारी खेली, जो टीम की जीत की आधारशिला साबित हुई।

यह पुरानी दिल्ली 6 की इस सीज़न की पहली जीत है। ललित यादव की कप्तानी वाली टीम ने वेस्ट दिल्ली लायंस को निर्धारित 20 ओवरों में 141/9 पर रोक दिया। पुरानी दिल्ली 6 की गेंदबाजी में लक्ष्मण ने तीन और आयुष सिंह ने दो विकेट हासिल किए। इसके बाद, पुरानी दिल्ली 6 ने आसानी से लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत हासिल की।

पुरानी दिल्ली 6 के मालिक आकाश नांगिया ने कहा, "यह जीत हमारे खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। अर्पित राणा की पारी में धैर्य और कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला और गेंदबाजों ने अनुशासित प्रयासों से नींव रखी। हम इस प्रदर्शन को और बेहतर बनाने के लिए उत्सुक हैं।"

वेस्ट दिल्ली लायंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए खराब शुरुआत की और तीन ओवर के अंदर तीन विकेट गंवा दिए। शिवम गुप्ता और कप्तान ऋतिक शौकीन ने वेस्ट दिल्ली लायंस को दो छोटी साझेदारियों में मदद की। शिवम आठवें ओवर में आउट हो गए, जबकि शौकीन 12वें ओवर में आउट हो गए, जिससे वेस्ट दिल्ली लायंस का स्कोर 65/5 हो गया। देव लाकड़ा ने कुछ महत्वपूर्ण शॉट खेले, लेकिन पारी को लंबा नहीं खींच पाए।

वेस्ट दिल्ली लायंस नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और कोई बड़ी साझेदारी नहीं बना पाई। एकांश डोबाल और तिशांत डबला ने क्रमश: 14 गेंदों पर 34 और 9 गेंदों पर 23 रन बनाकर वेस्ट दिल्ली लायंस को निर्धारित 20 ओवर में 141/9 तक पहुंचाया।

142 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, पुरानी दिल्ली 6 ने पहले 4 ओवर में 40 रन बनाकर सकारात्मक शुरुआत की। अर्पित राणा ने जोरदार पारी खेली, लेकिन चौथे ओवर में मंजीत आउट हो गए। इसके बाद सनत सांगवान ने राणा के साथ मिलकर 40 रनों की साझेदारी की। सांगवान 11वें ओवर में आउट हो गए और पुरानी दिल्ली 6 का स्कोर 82/2 हो गया। 13वें ओवर में ललित यादव के आउट होने के बावजूद, अर्पित राणा ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी और टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया।

अंत में, पुरानी दिल्ली 6 ने 17 गेंदें शेष रहते हुए लक्ष्य को पूरा किया, वंश बेदी ने 18 गेंदों में 30 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई। अब पुरानी दिल्ली 6 का अगला मुकाबला शुक्रवार को सेंट्रल दिल्ली किंग्स से होगा।