• 04:10 PM- Apr 11, 2026

नेपाल बस हादसे में 41 की मौत, वायुसेना के विमान से आज महाराष्ट्र लाए जाएंगे 24 भारतीयों के शव


नेपाल बस हादसे में 41 की मौत, वायुसेना के विमान से आज महाराष्ट्र लाए जाएंगे 24 भारतीयों के शव
Image Source By : Janjeevan

काठमांडू/मुंबई, 24 अगस्त । नेपाल में पोखरा से भारतीय पर्यटकों को लेकर काठमांडू लौट रही गोरखपुर की बस के मर्स्यांगदी नदी में गिर जाने से 41 लोगों की मौत हो गई है। इस बस में लगभग 43 भारतीय यात्री सवार थे।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के कार्यालय ने जानकारी दी है कि शनिवार को मारे गए 24 लोगों के शव महाराष्ट्र वापस लाए जाएंगे। महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि बस के नदी में गिरने से 41 लोगों की मौत हो गई है। नेपाल की सेना ने कुछ घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन सटीक आंकड़ा अभी तक उपलब्ध नहीं है। हम लगातार संपर्क में हैं।

बताया गया है कि यात्रियों से भरी बस शुक्रवार को पोखरा से काठमांडू लौट रही थी जब यह बस तनहुन जिले के आइना पहारा में राजमार्ग से नदी में पलट गई। इस दुर्घटना में 16 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अन्य घायलों को हवाई मार्ग से काठमांडू लाकर त्रिभुवन विश्वविद्यालय शिक्षण अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्घटना में प्रभावित कई लोग महाराष्ट्र के जलगांव जिले के भुसल गांव से बताए गए हैं।

मुख्यमंत्री शिंदे के कार्यालय ने बताया कि भारतीय वायुसेना के विमान के माध्यम से 24 शवों को शनिवार को महाराष्ट्र लाया जाएगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के हस्तक्षेप के बाद भारतीय वायुसेना के विमान की व्यवस्था की गई है।