तेहरान, 21 अगस्त । ईरान के यज्द प्रांत में मंगलवार रात पाकिस्तान के शिया तीर्थयात्रियों की एक बस पलट जाने से कम से कम 35 लोगों की जान चली गई, जबकि 18 अन्य घायल हो गए। यह जानकारी ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी इरना ने स्थानीय आपातकालीन अधिकारी मोहम्मद अली मालेकजादेह के हवाले से दी।
मालेकजादेह के अनुसार, घायलों में से कई की हालत गंभीर है। दुर्घटना के समय बस में लगभग 51 लोग सवार थे। यह बस तीर्थयात्रियों को इराक ले जा रही थी। पाकिस्तान के अखबार डॉन के अनुसार, ब्रेक फेल होने के कारण यह दुर्घटना हुई। सभी तीर्थयात्री अरबईन की याद में होने वाले समारोह में शामिल होने के लिए इराक जा रहे थे। यह समारोह हर साल सातवीं शताब्दी में एक शिया संत की मृत्यु के 40वें दिन मनाया जाता है।

