• 04:09 PM- Apr 11, 2026

प्रधानमंत्री मोदी आज नई दिल्ली में करेंगे कृषि अर्थशास्त्रियों के 32वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन


प्रधानमंत्री मोदी आज नई दिल्ली में करेंगे कृषि अर्थशास्त्रियों के 32वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन
Image Source By : Janjeevan

नई दिल्ली, 03 अगस्त राष्ट्रीय कृषि विज्ञान केंद्र, नई दिल्ली में कल (शुक्रवार) से शुरू हुए अर्थशास्त्रियों के 32वें अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शिरकत करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी सुबह करीब 9:30 बजे सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे और उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम की सूचना भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने एक्स अकाउंट पर साझा की है।

केंद्र सरकार के पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) ने दो अगस्त को जारी विज्ञप्ति में भी इस सम्मेलन की जानकारी दी है। विज्ञप्ति के अनुसार, इस त्रिवार्षिक सम्मेलन का आयोजन अंतरराष्ट्रीय कृषि अर्थशास्त्री संघ द्वारा किया जा रहा है और इसका समापन सात अगस्त को होगा। यह सम्मेलन भारत में 65 वर्षों के बाद आयोजित हो रहा है।

इस वर्ष के सम्मेलन का विषय है, "टिकाऊ कृषि-खाद्य प्रणालियों के लिए परिवर्तन।" इसका उद्देश्य जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधनों की कमी, बढ़ती उत्पादन लागत और संघर्ष जैसी वैश्विक चुनौतियों के मद्देनजर टिकाऊ कृषि की तत्काल आवश्यकता को संबोधित करना है। सम्मेलन के दौरान भारत के सक्रिय दृष्टिकोण को वैश्विक कृषि चुनौतियों के संदर्भ में उजागर किया जाएगा, साथ ही देश की कृषि अनुसंधान और नीति में हुई प्रगति को भी दर्शाया जाएगा।

इस सम्मेलन का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य युवा शोधकर्ताओं और प्रमुख पेशेवर व्यक्तियों को अपने कार्य प्रस्तुत करने और वैश्विक साथियों के साथ नेटवर्क बनाने के लिए मंच प्रदान करना है। यह सम्मेलन अनुसंधान संस्थानों और विश्वविद्यालयों के बीच साझेदारी को मजबूत करने, राष्ट्रीय और वैश्विक दोनों स्तरों पर नीति निर्माण को प्रभावित करने और डिजिटल कृषि और टिकाऊ कृषि-खाद्य प्रणालियों में प्रगति को प्रदर्शित करने पर केंद्रित है। इसमें 75 देशों से लगभग 1,000 प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।