बांग्लादेश में निजाम हथियाते ही इस्लामी छात्र शिबिर कैडर का कुख्यात नसीरुद्दीन 26 साल बाद जेल से रिहा
Aug 12, 2024 | by Janjeevan
ढाका, 12 अगस्त बांग्लादेश में हाल के राजनीतिक अस्थिरता के बीच, शेख हसीना को सत्ता से हटाए जाने के बाद, कई अपराधियों को जेल से बाहर किया जाने लगा है। इनमें से एक अपराधी इस्लामी छात्र शिबिर का सदस्य नसीरुद्दीन है, जो पिछले 26 वर्षों से जेल में था। 59 वर्षीय नसीरुद्दीन को 'शिबिर नासिर' के नाम से जाना जाता है। उसे हाल ही में जेल से रिहा कर दिया गया है। ढाका ट्रिब्यून के अनुसार, चटगांव सेंट्रल जेल के वरिष्ठ अधीक्षक मुहम्मद मंजुर हुसैन ने पुष्टि की कि नसीरुद्दीन को रविवार शाम सात बजे चटगांव सेंट्रल जेल से रिहा किया गया। उन्होंने बताया, “नसीरुद्दीन के खिलाफ दो मामले लंबित थे। जमानत दस्तावेज़ अदालत में जमा कर और समीक्षा के बाद उन्हें रिहा किया गया।”
रिपोर्ट के अनुसार, नसीरुद्दीन पर कुल 36 मामले दर्ज थे, जिनमें प्रमुख रूप से प्रिंसिपल गोपाल कृष्ण मुहुरी हत्या, हथजारी का तिहरा हत्या और चटगांव पॉलिटेक्निक के जमीलुद्दीन हत्या शामिल हैं। इनमें से 31 मामलों में वह बरी हो चुका था।
ढाका ट्रिब्यून ने उल्लेख किया कि 1990 के दशक में नसीरुद्दीन चटगांव में आतंक का पर्याय था और इस्लामी छात्र शिबिर की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था। 1997 में चटगांव के चौक बाजार इलाके में एक मुठभेड़ के दौरान उसने पुलिस को काफी मुश्किलें दी थीं। अप्रैल 1998 में पुलिस ने उसे चटगांव कॉलेज के एक छात्रावास से गिरफ्तार किया था।

