बांग्लादेश में फिर से विरोध-प्रदर्शन शुरू, हिंसा में मरने वाले 200 लोगों के लिए मांग रहे इंसाफ
Aug 03, 2024 | by Janjeevan
ढाका, 3 अगस्त बांग्लादेश में आरक्षण के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुक्रवार को फिर से शुरू हो गया है। यह विरोध प्रधानमंत्री शेख हसीना और उनकी सरकार के खिलाफ हो रहा है। देशभर में बड़े पैमाने पर हिंसा और 200 से अधिक लोगों की मौत के बाद यह विरोध थम गया था, लेकिन हाल की घटनाओं में मारे गए लोगों के न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन फिर से तेज हो गए हैं।
ढाका के विभिन्न इलाकों में दो हजार से अधिक प्रदर्शनकारी जुटे, जिनमें से कुछ ‘‘तानाशाह मुर्दाबाद’’ और पीड़ितों के लिए इंसाफ के नारे लगा रहे थे। पुलिस ने उन्हें चारों ओर से घेर रखा था। उत्तरा इलाके में पुलिस और दर्जनों छात्रों के बीच झड़पें हुईं, और सुरक्षा अधिकारियों ने पत्थरबाजी कर रहे प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस और स्टन ग्रेनेड का इस्तेमाल किया।
प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार को पिछले महीने से छात्रों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है, और फिलहाल इन प्रदर्शनों में कमी के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं।
15 जुलाई को हिंसा के बढ़ने के बाद से शेख हसीना के लिए यह विरोध प्रदर्शन एक गंभीर संकट बन गया है। अधिकारियों ने हिंसक प्रदर्शनों से निपटने के लिए इंटरनेट सेवा बंद कर दी है और कर्फ्यू लागू करते हुए गोली मारने का आदेश जारी किया है। स्कूल और विश्वविद्यालय भी बंद कर दिए गए हैं।

