- मुख्यमंत्री नायब सैनी ने चंडीगढ़ से शुरू की पहल
- प्रदेश के आठ जिलों में खोले जाएंगे पशु चिकित्सा पॉलीक्लीनिक
- तीन लाख 20 हजार सालाना आय वाले दूध विक्रेताओं का होगा बीमा
चंडीगढ़, 16 अगस्त । हरियाणा सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देने का ऐलान किया है, जिसके तहत उन्हें दो हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से बोनस प्रदान किया जाएगा। इस निर्णय की पुष्टि हाल ही में मंत्रिमंडल की बैठक में की गई थी। आज पांच लाख 20 हजार किसानों को इस बोनस की पहली किश्त जारी की गई है।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि इस वर्ष बारिश की कमी के कारण किसानों को काफी नुकसान हुआ है। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए, सरकार ने बोनस देने का फैसला किया। इस मद में किसानों के खातों में 525 करोड़ रुपये जमा किए गए हैं, जो अगले एक से दो दिन में उनके खातों में आ जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने पशुपालकों के लिए भी एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 14 जिलों में पहले से ही पशु चिकित्सा पॉलीक्लीनिक संचालित हो रहे हैं, और अब शेष 8 जिलों में भी ये क्लीनिक खोले जाएंगे। इन पॉलीक्लीनिक में आधुनिक सुविधाएं जैसे एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड उपलब्ध होंगे। ये आठ जिले हैं पंचकूला, कैथल, करनाल, हिसार, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, और यमुनानगर।
इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने दूध उत्पादकों के लिए भी एक राहत की घोषणा की। दूध विक्रेताओं का बीमा प्रधानमंत्री बीमा योजना के तहत कराया जाएगा। प्रदेश के दूध विक्रेता जिनकी सालाना आय 3.20 लाख रुपये है, उन्हें दयालु योजना के तहत कवर किया जाएगा, जो किसी परिवार के सदस्य की मृत्यु या स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में वित्तीय सहायता प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने अंत्योदय परिवारों के सदस्यों के लिए प्रोत्साहन राशि को 5 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 10 रुपये प्रति लीटर करने की घोषणा की। इस योजना के तहत पिछले साल 39 करोड़ रुपये की राशि भेजी गई थी, जबकि इस बार के बजट को 100 करोड़ रुपये कर दिया गया है।

