श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की फिल्म 'स्त्री-2' ने बॉक्स ऑफिस पर जोरदार ओपनिंग के साथ तहलका मचा दिया है। फिल्म ने अपने रिलीज के पहले दिन ही कई रिकॉर्ड तोड़े और चौथे दिन भी शानदार कमाई जारी रखी है।
सैकनिल्क के अनुसार, 'स्त्री-2' ने चौथे दिन 55 करोड़ रुपये की कमाई की, जिससे इसका कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 190.55 करोड़ रुपये हो गया है। पेड प्रिव्यू के माध्यम से इस फिल्म ने 8.35 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। भारत में गुरुवार को रिलीज के पहले दिन 'स्त्री-2' ने 60.3 करोड़ रुपये की कमाई की, जो कि 2023 में 'एनिमल' और 'पठान' की पहले दिन की कमाई को भी पीछे छोड़ गई। दूसरे दिन फिल्म ने 31.4 करोड़ रुपये कमाए, जबकि तीसरे दिन इसका कारोबार 43.85 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
'स्त्री' के छह साल बाद आई 'स्त्री-2'
फिल्म में श्रद्धा कपूर, राजकुमार राव, अपारशक्ति खुराना, अभिषेक बनर्जी और पंकज त्रिपाठी मुख्य भूमिकाओं में हैं। 2018 में रिलीज हुई 'स्त्री' के छह साल बाद अब 'स्त्री-2' रिलीज हुई है, जिसे दर्शकों से बेहतरीन प्रतिक्रिया मिल रही है।

