• 04:09 PM- Apr 11, 2026

श्रद्धा कपूर की फिल्म 'स्त्री-2' की ग्रैंड ओपनिंग, पहले दिन करीब 46 करोड़ की कमाई


श्रद्धा कपूर की फिल्म 'स्त्री-2' की ग्रैंड ओपनिंग, पहले दिन करीब 46 करोड़ की कमाई
Image Source By : Janjeevan

श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की प्रमुख भूमिकाओं वाली फिल्म 'स्त्री-2' 15 अगस्त को रिलीज हो गई, जिसका दर्शक बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। इस फिल्म का पहला भाग 2018 में आया था, और अब लगभग छह साल बाद 'स्त्री-2' ने दर्शकों को फिर से मनोरंजन का मौका दिया है। फिल्म के कलाकारों ने इसका जमकर प्रमोशन किया, और इसके टीज़र और ट्रेलर को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली।

'स्त्री-2' ने बॉक्स ऑफिस पर जोरदार शुरुआत की है। 2018 की सुपरहिट हॉरर-कॉमेडी के इस बहुप्रतीक्षित सीक्वल को स्वतंत्रता दिवस पर रिलीज किया गया। फिल्म में श्रद्धा कपूर, राजकुमार राव, अपारशक्ति खुराना, अभिषेक बनर्जी और पंकज त्रिपाठी मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। 'सैक्निल्क' के अनुसार, फिल्म ने अपने पहले दिन भारत में 54.35 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है।

'स्त्री-2' की शानदार कमाई

बुधवार को 'स्त्री-2' का स्पेशल ओपनिंग प्रीमियर आयोजित किया गया, जिसमें फिल्म ने 8.35 करोड़ रुपये की कमाई की। फिल्म ने अपने पहले दिन करीब 46 करोड़ रुपये का बिज़नेस किया। इस तरह फिल्म की कुल कमाई 54.35 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। 'कल्कि 2898 एडी' (हिंदी- 24 करोड़) और 'फाइटर' (22 करोड़) को पीछे छोड़ते हुए 'स्त्री-2' 2024 में पहले दिन सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है।

2023 में शाहरुख खान की 'जवान' (65.5 करोड़) और 'पठान' (55 करोड़) के बाद 'स्त्री-2' अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्म बन गई है। हालांकि पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर इसे अक्षय कुमार, तापसी पन्नू की 'खेल खेल में' और जॉन अब्राहम-शार्वरी की 'वेदा' से मुकाबला करना पड़ा, फिर भी 'स्त्री-2' ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।

एडवांस बुकिंग का असर

'स्त्री-2' की एडवांस बुकिंग भी काफी प्रभावी रही। फिल्म ने पहले दिन 3 लाख 90 हजार टिकटें बेचीं, जिससे यह कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों को पीछे छोड़ने में कामयाब रही। पहले दिन फिल्म की ऑक्यूपेंसी 75.09 प्रतिशत रही।

अगर फिल्म की कहानी की बात करें तो 'स्त्री-2' की शुरुआत वहीं से होती है, जहां 'स्त्री' का अंत हुआ था। इस बार गांव के लोग 'सरकटा' के डर से सहमे हुए हैं। फिल्म में कई विशेष उपस्थितियां भी हैं, जिसमें 'भेड़िया' फिल्म में वरुण धवन की भी एक विशेष भूमिका शामिल है।