नई दिल्ली, 13 अगस्त । भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट के पेरिस ओलंपिक में रजत पदक मिलने की स्थिति पर अभी भी अनिश्चितता बनी हुई है। खेल कोर्ट, जिसे कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट्स (सीएएस) के नाम से जाना जाता है, ने आज अपने निर्णय की घोषणा की अंतिम तिथि को तीन दिन और बढ़ा दिया है।
इस मामले की सुनवाई पहले ही पूरी हो चुकी है। पहले यह फैसला 10 अगस्त को आने वाला था, लेकिन इसे 13 अगस्त तक टाल दिया गया था। अब एक बार फिर इस निर्णय की तारीख बढ़ा दी गई है, और अब यह संभावना जताई जा रही है कि फैसला 16 अगस्त को आएगा।
विनेश ने रजत पदक की मांग की है, क्योंकि उन्हें 50 किग्रा कुश्ती के फाइनल से ठीक पहले 100 ग्राम अधिक वजन होने के कारण अयोग्य घोषित कर दिया गया था। इसके बाद, विनेश ने खेल कोर्ट के समक्ष अपील की थी और संयुक्त रजत पदक की मांग की थी। इस मांग का समर्थन भारतीय खेल संघों ने भी किया है।

