• 04:10 PM- Apr 11, 2026

पैदल मार्ग पर 15 दिन बाद केदारनाथ यात्रा फिर शुरू


पैदल मार्ग पर 15 दिन बाद केदारनाथ यात्रा फिर शुरू
Image Source By : Janjeevan

मुख्यमंत्री के प्रति तीर्थयात्रियों ने व्यक्त किया आभार, जल्द पैदल मार्ग ठीक करने के लिए

- 29 स्थानों पर क्षतिग्रस्त 19 किलोमीटर पैदल मार्ग को 260 मजदूरों ने किया मरम्मत

केदारनाथ, 16 अगस्त । केदारनाथ पैदल मार्ग को मजदूरों की अथक मेहनत से फिर से ठीक कर दिया गया है, जिसके बाद 15 दिनों के अंतराल के बाद केदारनाथ की पैदल यात्रा फिर से शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश, गुजरात, और हरियाणा से आए कुछ तीर्थयात्री केदारनाथ धाम पहुंचे और उन्होंने इस प्रयास के लिए मुख्यमंत्री और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

दरअसल, 31 जुलाई की रात को भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन से केदारनाथ का पैदल मार्ग कई जगहों पर ध्वस्त हो गया था। इस आपदा में 29 किलोमीटर लंबा पैदल मार्ग 29 स्थानों पर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था। प्रशासन ने प्राथमिकता के आधार पर तीर्थयात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए काम किया। मुख्यमंत्री धामी की देखरेख और जिलाधिकारी सौरभ गहरवार के नेतृत्व में चलाए गए रेस्क्यू अभियान के माध्यम से हजारों श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को हेली सेवा और पैदल मार्ग से सुरक्षित निकाला गया।

इसके बाद, प्रशासन ने तेजी से पैदल मार्ग को दुरुस्त करने का काम शुरू किया और अधिकांश मार्ग को ठीक कर यात्रा को फिर से शुरू कर दिया।

हालांकि, अब भी कुछ एक-दो जगहों पर समस्याएं बनी हुई हैं, जहां पर सुरक्षाबल के जवान तीर्थयात्रियों को सुरक्षित मार्ग पार करने में सहायता कर रहे हैं। केदारनाथ धाम पहुंचे तीर्थयात्रियों ने बताया कि पैदल मार्ग अधिकतर ठीक हो चुका है, लेकिन कुछ जगहों पर अभी भी कठिनाई बनी हुई है। जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग की ओर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार, जल्द ही पूरा पैदल मार्ग दुरुस्त कर लिया जाएगा। लोनिवि गुप्तकाशी के 260 मजदूर इस काम में जुटे हुए हैं। वहीं, सोनप्रयाग–गौरीकुंड राजमार्ग को भी तेजी से ठीक करने का काम चल रहा है और जल्द ही वाहनों की आवाजाही शुरू हो जाएगी। एनएच विभाग की मशीनें और मजदूर दिन-रात राजमार्ग को दुरुस्त करने में लगे हुए हैं।

उल्लेखनीय है कि अब तक केदारनाथ में 10 लाख 93 हजार 632 श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर चुके हैं। इन दिनों 150 से 200 तीर्थयात्री केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं। हेली सेवाओं के साथ-साथ पैदल मार्ग से भी बाबा के भक्त धाम पहुंच रहे हैं। पैदल मार्ग के खतरनाक हिस्सों पर सुरक्षा जवान तैनात किए गए हैं, जो श्रद्धालुओं को सुरक्षित यात्रा में मदद कर रहे हैं।