काठमांडू, 23 अगस्त । शुक्रवार को गोरखपुर से नेपाल जा रही एक बस तनहूं के ऐनापहारा स्थान से मार्स्यांगडी नदी में गिर गई। रेस्क्यू टीम ने अब तक 14 शव बरामद किए हैं और 16 घायलों को सुरक्षित निकाला है। बस नदी के किनारे फंसी हुई है, और बचाव कार्य जारी है, जिससे मृतकों और घायलों की संख्या में वृद्धि की संभावना जताई जा रही है।
कास्की पुलिस के प्रवक्ता और डीएसपी शैलेन्द्र थापा ने बताया कि गोरखपुर से 40 पर्यटक दो दिन पहले बस (यूपी-53 एफटी 7623) के माध्यम से पोखरा पहुंचे थे और वहां के माझेरी रिसॉर्ट में ठहरे थे। वे बुधवार और गुरुवार को रिसॉर्ट में रुके और शुक्रवार सुबह काठमांडू के लिए रवाना हुए थे। बस जब पोखरा से काठमांडू की ओर जा रही थी, तब यह तनहूं के ऐनापहारा स्थान से मार्स्यांगडी नदी में गिर गई। हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंची और नदी के किनारे फंसी बस से यात्रियों को निकालने का काम शुरू किया।
डीएसपी शैलेन्द्र थापा ने बताया कि बस में 40 यात्री सवार थे और दोपहर एक बजे तक 14 शव बरामद किए जा चुके थे। घटनास्थल से 16 लोगों को बचाया गया है। तनहूं के डीएसपी दीपक कुमार राय ने कहा कि बचाव कार्य अभी भी जारी है, और मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है। उन्होंने बताया कि बस में ड्राइवर और सह चालक समेत कुल 43 लोग सवार थे।

