• 04:10 PM- Apr 11, 2026

उपराष्ट्रपति करेंगे 10वें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस समारोह का उद्घाटन


उपराष्ट्रपति करेंगे 10वें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस समारोह का उद्घाटन
Image Source By : Janjeevan

नई दिल्ली, 06 अगस्त विज्ञान भवन में बुधावर को आयोजित होने जा रहे 10वें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस का उद्घाटन उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह और विदेश एवं कपड़ा राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा समारोह में भाग लेंगे। समारोह में सांसद, प्रतिष्ठित हस्तियां, डिजाइनर, उद्योग प्रतिनिधि और निर्यातक, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी और साथ ही देश भर से 1000 से अधिक बुनकर शामिल होंगे।

कपड़ा मंत्रालय के मुताबिक समारोह के दौरान हथकरघा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए हथकरघा बुनकरों को संत कबीर पुरस्कार और राष्ट्रीय हथकरघा पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कार कैटलॉग और कॉफी टेबल बुक- परंपरा- भारत की हथकरघा परंपराओं में स्थिरता का विमोचन भारत के उपराष्ट्रपति द्वारा किया जाएगा। इसके साथ 10वें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस समारोह के हिस्से के रूप में देश भर में सभी राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

राष्ट्रीय हथकरघा दिवस का उद्देश्य हथकरघा बुनकरों को सम्मानित करना और देश के सांस्कृतिक, पारंपरिक और आर्थिक परिदृश्य में उनके योगदान की सराहना करके हथकरघा उद्योग को प्रेरणा और गर्व की भावना प्रदान करना है। समारोह का उद्देश्य हथकरघा क्षेत्र के महत्व और देश के सामाजिक-आर्थिक विकास में इसके योगदान के बारे में जागरूकता पैदा करना है।