नई दिल्ली, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वीएमएमसी और सफदरजंग अस्पताल ने पौधा रोपण के लिए मधुरिम जनसहयोग फाउंडेशन के साथ साझेदारी की। इस साझेदारी का लक्ष्य आने वाले महीनों में अस्पताल के मैदान और आसपास के क्षेत्रों में 500 नए पेड़ लगाने का है। बुधवार को इस कार्यक्रम की शुरुआत चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वंदना तलवार और मधुरिम जनसहयोग फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने पौधा रोपण के साथ की। इस कार्यक्रम में अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर.पी. अरोड़ा और अस्पताल स्टाफ के कई सदस्यों ने भी भाग लिया।
इस मौके पर डॉ. वंदना तलवार ने कहा कि एक स्वास्थ्य सेवा संस्थान के रूप में पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा देना हमारी जिम्मेदारी है। यह पौधा रोपण अभियान हवा की गुणवत्ता को बढ़ाने के साथ छाया प्रदान करेगा और अधिक उपचारात्मक वातावरण तैयार करेगा। मधुरिम जनसहयोग फाउंडेशन ने भूमि तैयार करने, पौधे रोपने और नए पेड़ों को उनके महत्वपूर्ण प्रारंभिक चरण के दौरान बनाए रखने में मदद करने के लिए स्वयंसेवकों और संसाधनों को प्रतिबद्ध किया है। संस्था के प्रतिनिधि आरके गुप्ता ने अस्पताल की हरित पहल की सराहना की।

