शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में तेजी का रुख, सेंसेक्स ने बनाया मजबूती का नया रिकॉर्ड
Sep 20, 2024 | by Janjeevan
नई दिल्ली, 20 सितंबर। घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में तेजी देखने को मिल रही है। आज के कारोबार की शुरुआत नए ऑल टाइम हाई ओपनिंग रिकॉर्ड के साथ हुई। हालांकि, बाजार खुलने के बाद कुछ बिकवाली के दबाव के चलते सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों में गिरावट आई, लेकिन थोड़ी देर बाद खरीदारी का समर्थन मिलने से इन दोनों सूचकांकों ने फिर से तेजी पकड़ ली। पहले घंटे के कारोबार के बाद, सेंसेक्स 0.50 प्रतिशत और निफ्टी 0.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
शुरुआती एक घंटे के कारोबार में जेएसडब्ल्यू स्टील, कोल इंडिया, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति सुजुकी और एचडीएफसी लाइफ के शेयर 3.32 प्रतिशत से 2.12 प्रतिशत तक की मजबूती के साथ व्यापार कर रहे थे। वहीं, ग्रासिम इंडस्ट्रीज, सिप्ला, एनटीपीसी, टीसीएस और इंडसइंड बैंक के शेयर 1.37 प्रतिशत से 0.34 प्रतिशत तक की गिरावट के साथ दिख रहे थे।
अब तक के कारोबार में 2,303 शेयरों में सक्रिय ट्रेडिंग चल रही थी। इनमें से 1,607 शेयर लाभ में थे और हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 696 शेयर नुकसान में रहे और लाल निशान में दिख रहे थे। सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 23 शेयर हरे निशान में थे, जबकि 7 शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। निफ्टी में 50 शेयरों में से 38 शेयर हरे निशान में और 12 शेयर लाल निशान में थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 418.24 अंक की बढ़त के साथ 83,603.04 अंक पर खुला, जो कि ऑल टाइम हाई ओपनिंग का रिकॉर्ड है। हालांकि, कारोबार शुरू होते ही बिकवाली के कारण यह सूचकांक 83,187.64 अंक तक गिर गया। फिर, खरीदारों की लिवाली से सुबह 10 बजे के आसपास सेंसेक्स ने अपने सर्वोच्च स्तर 83,805.26 अंक को छू लिया। सुबह 10:15 बजे तक सेंसेक्स 418.19 अंक की बढ़त के साथ 83,602.99 अंक पर कारोबार कर रहा था।
एनएसई के निफ्टी ने भी आज 110.15 अंक की बढ़त के साथ 25,525.95 अंक से कारोबार शुरू किया। बाजार खुलते ही मुनाफा वसूली शुरू होने पर इस सूचकांक में गिरावट आई, लेकिन कुछ समय बाद खरीदारों ने फिर से लिवाली शुरू कर दी, जिससे इसकी गति तेज हुई। सुबह 10:15 बजे निफ्टी 134.05 अंक की मजबूती के साथ 25,549.85 अंक पर कारोबार कर रहा था।
पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को, सेंसेक्स 236.57 अंक या 0.29 प्रतिशत की बढ़त के साथ 83,184.80 अंक पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी ने 38.25 अंक या 0.15 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,415.80 अंक पर कारोबार समाप्त किया था।

