शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव जारी, सेंसेक्स और निफ्टी में मामूली तेजी
Aug 14, 2024 | by Janjeevan
नई दिल्ली, 14 अगस्त । घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान लगातार उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। बाजार खुलने के बाद से लिवाल और बिकवाल एक-दूसरे पर हावी होने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे शेयर बाजार कभी हरे तो कभी लाल निशान में नजर आ रहा है। पहले घंटे के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.09 प्रतिशत और निफ्टी 0.05 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
शुरुआत के एक घंटे के बाद, स्टॉक मार्केट के प्रमुख शेयरों में अपोलो हॉस्पिटल, टीसीएस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजी, और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के शेयर 2.03 प्रतिशत से 1.13 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, हीरो मोटोकॉर्प, डिवीज लेबोरेट्रीज, अल्ट्राटेक सीमेंट, अडाणी पोर्ट्स और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर 4.09 प्रतिशत से 1.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।
अब तक के कारोबार में 2,215 शेयरों में ट्रेडिंग हो रही थी, जिनमें से 776 शेयर हरे निशान में मुनाफा कमा रहे थे, जबकि 1439 शेयर लाल निशान में नुकसान उठा रहे थे। सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 16 शेयर हरे निशान में और 14 शेयर लाल निशान में थे। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 24 हरे निशान में और 26 लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 109.19 अंक की बढ़त के साथ 79,065.22 अंक पर खुला। लेकिन बिकवाली के दबाव के चलते यह सूचकांक गिरकर 78,895.72 अंक तक पहुंच गया। इसके बाद खरीदारी का समर्थन मिलने पर सूचकांक फिर से उछलकर 79,122.42 अंक तक पहुंच गया। पहले घंटे के कारोबार के बाद, सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 70.09 अंक की बढ़त के साथ 79,026.12 अंक पर कारोबार कर रहा था।
एनएसई का निफ्टी भी 45.40 अंक की बढ़त के साथ 24,184.40 अंक से कारोबार की शुरुआत किया। शुरुआती बिकवाली के दबाव के बाद यह सूचकांक 24,099.70 अंक तक गिर गया, लेकिन फिर से खरीदारी का समर्थन मिलने पर यह 24,196.50 अंक तक पहुंच गया। पहले घंटे के कारोबार के बाद, सुबह 10:15 बजे निफ्टी 10.95 अंक की मामूली बढ़त के साथ 24,149.95 अंक पर कारोबार कर रहा था।
पिछले कारोबारी दिन मंगलवार को, सेंसेक्स 692.89 अंक (0.87 प्रतिशत) की कमजोरी के साथ 78,956.03 अंक पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी ने 208 अंक (0.85 प्रतिशत) की गिरावट के साथ 24,139 अंक पर कारोबार समाप्त किया था।

