• 04:27 PM- Apr 11, 2026

शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, गिरावट के बाद मिला खरीदारी का सपोर्ट


शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, गिरावट के बाद मिला खरीदारी का सपोर्ट
Image Source By : Janjeevan

नई दिल्ली, 21 अगस्त । आज के घरेलू शेयर बाजार में शुरूआती कारोबार के दौरान दबाव देखने को मिला। कारोबार की शुरुआत में ही गिरावट दर्ज की गई थी। मामूली खरीदारी के बाद, बिकवालों ने बाजार पर अपना प्रभाव दिखाया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक में गिरावट आई। हालांकि, बाद में खरीदारी का समर्थन मिलने से इन सूचकांकों में सुधार दिखाई देने लगा। पहले एक घंटे के कारोबार के बाद, सेंसेक्स 0.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ और निफ्टी 0.07 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।

पहले घंटे के बाद प्रमुख स्टॉक्स में डिवीज लेबोरेट्रीज, डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज और नेस्ले के शेयर 3.15 प्रतिशत से 1.35 प्रतिशत तक की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, अल्ट्राटेक सीमेंट, आईसीआईसीआई बैंक, कोटक महिंद्रा, इंडसइंड बैंक और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के शेयर 1.50 प्रतिशत से 0.60 प्रतिशत तक की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।

अब तक के कारोबार में 2,261 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,577 शेयर मुनाफा कमाकर हरे निशान में और 684 शेयर घाटे में रहकर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। सेंसेक्स के 30 में से 13 शेयर हरे निशान में जबकि 17 शेयर लाल निशान में थे। निफ्टी के 50 में से 32 शेयर हरे और 18 शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।

बीएसई सेंसेक्स आज 135.61 अंक की गिरावट के साथ 80,667.25 अंक पर खुला। शुरुआती कारोबार में, खरीदारी का समर्थन मिलने से सूचकांक थोड़े समय के लिए 80,814.75 अंक तक पहुंचा, लेकिन मुनाफा वसूली के चलते यह 175.83 अंक की गिरावट के साथ 80,627.03 अंक तक गिर गया। इसके बाद, खरीदारी का समर्थन मिलने से सूचकांक में सुधार देखा गया। सुबह 10:15 बजे, सेंसेक्स 38.18 अंक की गिरावट के साथ 80,764.68 अंक पर कारोबार कर रहा था।

इसी प्रकार, एनएसई निफ्टी ने भी 18.30 अंक की गिरावट के साथ 24,680.55 अंक पर कारोबार शुरू किया। बिकवाली के दबाव के कारण निफ्टी लाल निशान में 24,654.50 अंक तक गिर गया, लेकिन इसके बाद खरीदारी का समर्थन मिलने से सूचकांक में तेजी आई। सुबह 10:15 बजे, निफ्टी 18.35 अंक की बढ़त के साथ 24,717.20 अंक पर कारोबार कर रहा था।

पिछले कारोबारी दिन, मंगलवार को, सेंसेक्स 378.18 अंक यानी 0.47 प्रतिशत की बढ़त के साथ 80,802.86 अंक पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी 126.20 अंक यानी 0.51 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,698.85 अंक पर बंद हुआ था।