नई दिल्ली, 6 अगस्त बांग्लादेश की राजधानी ढाका में मौजूदा हालात को देखते हुए टाटा की अगुवाई वाली एयर इंडिया, विस्तारा और इंडिगो एयरलाइन कंपनियों ने अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। यह कदम प्रधानमंत्री शेख हसीना के इस्तीफा देने के बाद ढाका के बिगड़ते हालात के मद्देनजर उठाया गया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, विस्तारा, एयर इंडिया और इंडिगो ने ढाका के लिए अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं। विस्तारा ने आज की उड़ानें रद्द की हैं, जबकि एयर इंडिया और इंडिगो ने कल देर शाम अपनी उड़ानों को रद्द कर दिया था।
विस्तारा के एक अधिकारी ने बताया कि एयरलाइन की उड़ानें नियमित रूप से मुंबई से ढाका और हफ्ते के तीन दिन दिल्ली से ढाका जाती थीं। लेकिन वर्तमान स्थिति को देखते हुए, विस्तारा ने अपनी उड़ानें फिलहाल रद्द कर दी हैं। पहले, विस्तारा ने सोमवार को मुंबई से अपनी उड़ान संचालित की थी। वहीं, एयर इंडिया और इंडिगो ने पहले ही अपनी उड़ानें रद्द कर दी थीं।
बांग्लादेश में रिजर्वेशन पॉलिसी के विरोध में हिंसा के बढ़ते स्तर के बाद प्रधानमंत्री शेख हसीना ने इस्तीफा दे दिया है। फिलहाल वह भारत में हैं।

