छत्रपति शिवाजी महाराज द्वारा स्थापित स्वराज्य के रक्षक छत्रपति संभाजी महाराज की बायोपिक अब फिल्म 'छावा' के रूप में सिल्वर स्क्रीन पर आने वाली है। 'छावा' का रोमांचक टीजर रिलीज हो चुका है, जिसमें छत्रपति संभाजी महाराज की भूमिका में विक्की कौशल ने अपनी गहरी छाप छोड़ी है। इस फिल्म का निर्देशन लक्ष्मण उत्तेकर ने किया है और इसे 6 सितंबर 2024 को रिलीज किया जाएगा।
बॉलीवुड में अपनी प्रभावशाली अभिनय से पहचान बनाने वाले विक्की कौशल की आने वाली फिल्म 'छावा' पिछले कुछ दिनों से सुर्खियों में है। 'छावा' का ट्रेलर 'स्त्री-2' के साथ सिनेमाघरों में दिखाया गया था। सोशल मीडिया पर टीजर वायरल होने के बाद, अब मेकर्स ने फिल्म का आधिकारिक टीजर सोमवार को रिलीज किया है।
विक्की कौशल ने फिल्म 'छावा' से अपना फर्स्ट लुक साझा किया और फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा की। यह फिल्म 6 सितंबर 2024 को सिनेमाघरों में आएगी। बॉक्स ऑफिस पर 'छावा' की टक्कर 'पुष्पा 2' से होगी।
'छावा' फिल्म छत्रपति शिवाजी महाराज के उत्तराधिकारी छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित है। टीजर में विक्की कौशल के लुक और एक्शन से यह स्पष्ट है कि उन्होंने इस फिल्म के लिए बहुत मेहनत की है। स्वराज्य की रक्षा के लिए जुनून से भरे छत्रपति संभाजी महाराज मुगल सेना से लड़ते नजर आए। औरंगजेब के किरदार में अक्षय खन्ना का लुक भी बेहद प्रभावशाली है। विक्की कौशल के लुक और एक्शन की प्रशंसकों ने खूब सराहना की। विक्की कौशल ने टीज़र साझा करते हुए कहा कि स्वराज्य के रक्षक और धर्म के रक्षक, छावा की यह कहानी एक साहसी योद्धा की महाकाव्य गाथा है!
'छावा' की स्टार कास्ट में विक्की कौशल छत्रपति संभाजी महाराज की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि अक्षय खन्ना औरंगजेब के किरदार में नजर आएंगे। जनरल हंबीर राव मोहिते की भूमिका में आशुतोष राणा और सोयराबाई की भूमिका में दिव्या दत्ता दिखाई देंगी। इसके अलावा फिल्म में रश्मिका मंदाना और नील भूपलम भी शामिल हैं।

