राष्ट्रपति मुर्मू का न्यूजीलैंड से पूरी दुनिया को संदेश, शिक्षा में परिवर्तन की शक्ति
Aug 08, 2024 | by Janjeevan
वेलिंगटन, 08 अगस्त भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपनी तीन देशों की राजकीय यात्रा का पहला चरण फिजी में पूरा करने के बाद न्यूजीलैंड पहुंचीं। यहां उन्होंने अंतरराष्ट्रीय शिक्षा सम्मेलन में भाग लेते हुए शिक्षा के महत्व पर बल दिया। राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, "शिक्षा हमेशा मेरे दिल के करीब रही है। मैंने शिक्षा की परिवर्तनकारी शक्ति का प्रत्यक्ष अनुभव किया है। 21वीं सदी के भारत में, शिक्षा प्रणाली की महत्वपूर्ण भूमिका है। शिक्षा ने ऐसे नेताओं को तैयार किया है जो न केवल भारत, बल्कि विश्व भर में योगदान दे रहे हैं।"
उन्होंने यह भी कहा, "आज भारत में बड़ी संख्या में युवा हैं, जो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व को समझते हैं। भारतीय माता-पिता भी अपने बच्चों को सर्वोत्तम शिक्षा दिलाने की आकांक्षा रखते हैं, जो वास्तव में स्वागत योग्य है। वर्तमान में आठ हजार भारतीय विद्यार्थी न्यूजीलैंड के विभिन्न संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।"
न्यूजीलैंड पहुंचने पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का स्वागत गवर्नमेंट हाउस में गवर्नर जनरल डेम सिंडी किरो ने गर्मजोशी से किया। उनके सम्मान में पारंपरिक माओरी पोविरी समारोह आयोजित किया गया और उन्हें रॉयल गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। राष्ट्रपति मुर्मू, गवर्नर जनरल डेम सिंडी किरो के निमंत्रण पर न्यूजीलैंड के दो दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने गवर्नर जनरल किरो के साथ बैठक की, जिसमें दोनों नेताओं ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच मधुर और मैत्रीपूर्ण संबंधों की सराहना की और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग पर चर्चा की। इसके अलावा, राष्ट्रपति मुर्मू प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन से भी मुलाकात करेंगी और ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगी। अपनी यात्रा के अंतिम चरण में, राष्ट्रपति तिमोर-लेस्ते जाएंगी।

