भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट से लिया संन्यास
Aug 24, 2024 | by Janjeevan
नई दिल्ली, 24 अगस्त । भारत के अनुभवी सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने शनिवार को अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की। 38 वर्षीय धवन ने अपने संन्यास की जानकारी इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट करके दी।
वीडियो में धवन ने कहा, "मैं एक ऐसे मोड़ पर खड़ा हूं, जहां जब मैं पीछे देखता हूं, तो मुझे सिर्फ यादें और एक नया जीवन नजर आता है। भारत के लिए खेलना हमेशा मेरा सपना था और मुझे इसे पूरा करने का मौका मिला। इसके लिए मैं बहुत लोगों का आभारी हूं। सबसे पहले, मेरे परिवार, मेरे बचपन के कोच, और फिर मेरी टीम, जिसके साथ मैंने वर्षों तक खेला। मैंने एक नया परिवार, प्रसिद्धि और प्यार पाया, लेकिन आगे बढ़ने के लिए पन्ने पलटना जरूरी है।"
धवन ने अपने संन्यास की घोषणा करते हुए कहा, "मैं अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट से संन्यास ले रहा हूं। अपने क्रिकेट सफर को अलविदा कहते हुए, मेरे दिल में शांति है। मैंने अपने देश के लिए बहुत खेला है। मैं खुद से यही कहता हूं कि आपको अपने देश के लिए दोबारा नहीं खेलने पर दुखी होने की जरूरत नहीं है, बल्कि इस बात की खुशी होनी चाहिए कि आपको ऐसा करने का मौका मिला।"
अपने शानदार करियर में, धवन ने भारत के सभी क्रिकेट प्रारूपों में प्रतिनिधित्व किया, लेकिन वनडे उनका पसंदीदा प्रारूप था। उन्होंने 167 वनडे मैचों में 44.1 की औसत से 6,793 रन बनाए, जिसमें 17 शतक और 39 अर्द्धशतक शामिल हैं।
टेस्ट क्रिकेट में, जहां उन्होंने मुरली विजय के साथ कई यादगार साझेदारियां कीं, धवन ने 34 मैचों में 40.6 की औसत से 2,315 रन बनाए। उनके टेस्ट करियर में सात शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं।
टी20आई प्रारूप में, धवन ने 68 मैच खेले और 27.9 की औसत से 1,759 रन बनाए, जिसमें 11 अर्द्धशतक शामिल हैं।
घरेलू क्रिकेट में, धवन ने 122 प्रथम श्रेणी मैचों में 44.26 की औसत से 8,499 रन बनाए, जिसमें 25 शतक और 29 अर्द्धशतक शामिल हैं। लिस्ट ए क्रिकेट में, उन्होंने 302 मैचों में 43.90 की औसत से 12,074 रन बनाए, जिसमें 30 शतक और 67 अर्द्धशतक शामिल हैं।

