काठमांडू, 09 अगस्त बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार और मठ-मंदिरों में तोड़फोड़ के खिलाफ नेपाल के बीरगंज में हिंदू समाज ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश सरकार से हिंदू समुदाय की सुरक्षा सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
यह प्रदर्शन बीरगंज के मुख्य चौक से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए जिला प्रशासन कार्यालय के समक्ष एक नुक्कड़ सभा में बदल गया। हिंदू समाज के नेताओं ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे हमलों और मंदिरों में की जा रही तोड़फोड़ को धार्मिक असहिष्णुता का गंभीर उदाहरण बताया और इसकी कड़ी निंदा की। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से भी अपील की कि वे इस मुद्दे पर ध्यान दें और उचित कार्रवाई करें।

