• 04:18 PM- Apr 11, 2026

बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमला करने वालों को करेंगे दंडित : मोहम्मद यूनुस


बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमला करने वालों को करेंगे दंडित : मोहम्मद यूनुस
Image Source By : Janjeevan

ढाका, 14 अगस्त । बांग्लादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने मंगलवार को आश्वासन दिया कि सरकार अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय पर हमले करने वालों को दंडित करेगी। यह आश्वासन उन्होंने प्राचीन ढाकेश्वरी मंदिर के दौरे के दौरान पीड़ित हिंदू समुदाय के सदस्यों से मुलाकात के दौरान दिया। यूनुस ने हिंदुओं से धैर्य बनाए रखने की अपील की और उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा की जाएगी।

84 वर्षीय अर्थशास्त्री ने आठ अगस्त को अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार के रूप में कार्यभार संभाला। उन्होंने ढाकेश्वरी मंदिर का दौरा किया और कहा कि सभी व्यक्तियों के अधिकार सुनिश्चित किए जाने चाहिए। यूनुस ने देश की वर्तमान स्थिति को ‘‘संस्थागत पतन’’ का परिणाम बताया।

यह दौरा उस समय हुआ जब बांग्लादेश नेशनल हिंदू ग्रैंड अलायंस (बीएनएचजीए) ने दावा किया कि पांच अगस्त को शेख हसीना के नेतृत्व वाली सरकार के पतन के बाद से, अल्पसंख्यक समुदाय ने 48 जिलों में 278 स्थानों पर हमलों और धमकियों का सामना किया है, जिसे ‘‘हिंदू धर्म पर हमला’’ करार दिया गया है।

यूनुस ने कहा, "अधिकार सभी के लिए समान हैं। हम सब एक ही व्यक्ति हैं और हमारे पास समान अधिकार हैं। कृपया भेदभाव न करें और हमारी सहायता करें। धैर्य रखें और बाद में आकलन करें – हम क्या कर पाए और क्या नहीं। अगर हम असफल होते हैं, तो हमें आलोचना का सामना करना पड़ेगा।"

उन्होंने यह भी कहा, "हमारी लोकतांत्रिक आकांक्षाओं में हमें मुसलमान, हिंदू या बौद्ध नहीं बल्कि इंसान के रूप में देखा जाना चाहिए। हमारे अधिकारों की रक्षा होनी चाहिए। सभी समस्याओं की जड़ संस्थागत व्यवस्थाओं के पतन में है, इसलिए इस तरह के मुद्दे उत्पन्न होते हैं। हमें संस्थागत व्यवस्था को सुधारने की आवश्यकता है।"

इस दौरान प्रोफेसर यूनुस के साथ विधि सलाहकार आसिफ नजरुल और धार्मिक मामलों के सलाहकार एएफएम खालिद हुसैन भी उपस्थित थे।