• 04:18 PM- Apr 11, 2026

प्रधानमंत्री मोदी, राजनाथ ने दी नीरज चोपड़ा को बधाई, खिलाड़ी के घर पर जश्न


प्रधानमंत्री मोदी, राजनाथ ने दी नीरज चोपड़ा को बधाई, खिलाड़ी के घर पर जश्न
Image Source By : Janjeevan

नई दिल्ली, 09 अगस्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पोस्ट के माध्यम से पेरिस ओलंपिक में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में नीरज चोपड़ा को रजत पदक जीतने पर बधाई दी। नीरज की इस उपलब्धि पर उनके घर पर उत्सव का माहौल है और बधाई देने वालों की भीड़ लगी हुई है।

प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, "नीरज चोपड़ा उत्कृष्टता के जीवंत उदाहरण हैं। उन्होंने बार-बार अपनी प्रतिभा साबित की है। भारत गर्वित है कि वे फिर से ओलंपिक में सफल हुए हैं। रजत पदक जीतने पर उन्हें मेरी बधाई। वे भविष्य के अनगिनत एथलीटों को अपने सपनों को पूरा करने और देश को गर्वित करने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।"

रक्षा मंत्री सिंह ने लिखा, "असाधारण एथलीट नीरज चोपड़ा को पेरिस ओलंपिक 2024 में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में उनकी शानदार उपलब्धि और रजत पदक जीतने पर ढेर सारी बधाई। वे मेहनत, समर्पण और निरंतरता के प्रतीक हैं। उनकी सफलता से पूरा देश खुश है।"

शीर्ष भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने कहा, "प्रतियोगिता शानदार रही। हर खिलाड़ी का अपना दिन होता है, आज अरशद का दिन था। टोक्यो, बुडापेस्ट, एशियाई खेलों का भी अपना दिन था। मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया, लेकिन कुछ बातें हैं जिन पर ध्यान देने और सुधारने की जरूरत है। आज राष्ट्रगान नहीं बजा, लेकिन भविष्य में कहीं और जरूर बजेगा।"

नीरज की इस सफलता पर पानीपत में उनके घर पर खुशी का माहौल है। उनकी मां सरोज देवी ने कहा, "हम बहुत खुश हैं। हमारे लिए रजत पदक भी स्वर्ण के समान है।" उनके पिता सतीश कुमार ने कहा, "हर किसी का अपना दिन होता है। आज अरशद का दिन था, उसने स्वर्ण पदक जीता। हम दूसरी बार ओलंपिक में जैवलिन में पदक जीतने से बहुत खुश हैं।"