• 04:19 PM- Apr 11, 2026

प्रधानमंत्री मोदी पहुंचे यूक्रेन की राजधानी कीव, भारतीयों से मिले, अब होगी जेलेंस्की से मुलाकात


प्रधानमंत्री मोदी पहुंचे यूक्रेन की राजधानी कीव, भारतीयों से मिले, अब होगी जेलेंस्की से मुलाकात
Image Source By : Janjeevan

कीव, 23 अगस्त । रूस और यूक्रेन के बीच ढाई साल से चल रही लड़ाई के बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यूक्रेन की राजधानी कीव पहुंचे। वह गुरुवार रात पोलैंड से रवाना हुए और लगभग 10 घंटे की रेल यात्रा के बाद भारतीय समय अनुसार सुबह 10 बजे कीव पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी की यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से होने वाली मुलाकात पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हैं।

प्रधानमंत्री मोदी कीव पहुंचने के बाद हयात रीजेंसी होटल में ठहरे। यहां उन्होंने भारतीय प्रवासियों से मुलाकात की। इसके अलावा, वे यूक्रेन नेशनल म्यूजियम भी जाएंगे, जहां वे फरवरी 2022 के बाद रूस-यूक्रेन युद्ध में मारे गए बच्चों को श्रद्धांजलि देंगे। यह म्यूजियम देश का सबसे बड़ा म्यूजियम है। प्रधानमंत्री मोदी यूक्रेन का दौरा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। 1991 में सोवियत संघ के विघटन के बाद से यूक्रेन की स्थापना हुई थी, और तब से आज तक कोई भी भारतीय प्रधानमंत्री यूक्रेन नहीं गए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा विशेष महत्व का है, क्योंकि 24 फरवरी, 2022 को रूस के हमले के बाद से नाटो देशों के अलावा किसी अन्य देश के नेता ने यूक्रेन का दौरा नहीं किया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कुछ महीने पहले प्रधानमंत्री मोदी को यूक्रेन आने का निमंत्रण दिया था। इससे पहले, मोदी और जेलेंस्की ने मई 2023 में जापान में जी-7 समिट के दौरान पहली बार मुलाकात की थी।

प्रधानमंत्री मोदी यूक्रेन के एवी फोमिन बोटैनिकल गार्डन में महात्मा गांधी की कांस्य प्रतिमा पर भी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। यह प्रतिमा महात्मा गांधी की 151वीं जयंती पर 2020 में स्थापित की गई थी। प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा का पहला पड़ाव पोलैंड था, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क से बातचीत की। इस दौरान मोदी ने कहा था कि किसी भी समस्या को लड़ाई के मैदान में नहीं सुलझाया जा सकता और क्षेत्र में शांति स्थापित करने के लिए हर संभव सहयोग देने की तैयारी है। उल्लेखनीय है कि यूक्रेन यात्रा से करीब डेढ़ महीने पहले प्रधानमंत्री मोदी रूस की यात्रा कर चुके हैं।