प्रधानमंत्री मोदी ने वायनाड के आपदा प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया
Aug 10, 2024 | by Janjeevan
नई दिल्ली, 10 अगस्त प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को केरल के वायनाड जिले के उन इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया, जो भारी बारिश और भूस्खलन से प्रभावित हुए हैं। हवाई सर्वेक्षण के बाद प्रधानमंत्री ने भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे जवानों से जानमाल के नुकसान की जानकारी ली।
प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर से चूरलमाला, मुंडक्कई, और पुंचिरिमट्टम जैसे भूस्खलन से सबसे अधिक प्रभावित गांवों का हवाई निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, और केंद्रीय पर्यटन और पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी भी मौजूद थे।
इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी सरकारी व्यावसायिक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, वेल्लारमाला और बेलीब्रिज का दौरा करेंगे। वह केंद्रीय सशस्त्र बलों और भूस्खलन प्रभावित लोगों से मुलाकात करेंगे और राहत शिविर का भी निरीक्षण करेंगे।

