वेटिकन सिटी, 8 अगस्त वेटिकन में पोप फ्रांसिस की आम सभा के दौरान पेटा (पीपल्स फॉर द एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल्स) के दो समर्थकों ने प्रदर्शन कर विरोध जताया। पशु अधिकारों की इस संस्था के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को पोप फ्रांसिस के कार्यक्रम में बाधा डालने का प्रयास किया।
प्रदर्शनकारियों ने ‘बुलफाइटिंग’ के खिलाफ नारे लगाते हुए और बैनर दिखाते हुए अपनी नाराजगी व्यक्त की, लेकिन उन्हें तुरंत ही परिसर से बाहर निकाल दिया गया। दोनों कार्यकर्ताओं ने ‘स्टॉप ब्लेसिंग कोरिडास’ (बुलफाइटिंग को बढ़ावा बंद करें) लिखी टी-शर्ट पहनी हुई थी और ‘बुलफाइटिंग इज अ सिन’ (बुलफाइटिंग पाप है) लिखे बैनर थामे हुए थे। पेटा ने पोप से आग्रह किया है कि वे ‘कैथोलिक चर्च’ के बुलफाइटिंग से संबंध खत्म करें और इस “घृणित रक्त खेल” की निंदा करें। वेटिकन ने इस विरोध प्रदर्शन पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

