• 04:35 PM- Apr 11, 2026

पेरिस ओलम्पिक के लिए शूटिंग के फायनल चयन ट्रायल भोपाल में शुक्रवार से


पेरिस ओलम्पिक के लिए शूटिंग के फायनल चयन ट्रायल भोपाल में शुक्रवार से
Image Source By : Janjeevan

 देश के शीर्ष खिलाड़ी करेंगे भागीदारी

भोपाल, 9 मई  पेरिस ओलम्पिक के लिए शूटिंग (रायफल और पिस्टल) के फायनल सिलेक्शन ट्रायल शुक्रवार, 10 मई से आगामी 19 मई तक राजधानी भोपाल स्थित मप्र राज्य शूटिंग अकादमी में किया जा रहा है। इस सिलेक्शन ट्रायल में देश भर के 35 शीर्ष खिलाड़ी पेरिस ओलम्पिक में अपनी जगह सुनिश्चित करने के लिए निशाना साधेंगे।

खेल विभाग के जनसम्पर्क अधिकारी विकास खराड़कर ने गुरुवार को बताया कि मप्र राज्य शूटिंग अकादमी में विश्व स्तरीय सुविधा उपलब्ध है। भारतीय रायफल संघ ने उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं को दृष्टिगत रखते हुए पेरिस ओलम्पिक के फायनल ट्रायल कराने के लिए राज्य शूटिंग अकादमी को चुना है। यहां 10 से 19 मई के बीच 7 इवेन्ट में ओलम्पिक सिलेक्शन ट्रायल होंगे। इनमें 10 मी. एयर पिस्टल पुरूष, 10 मी. एयर रायफल पुरूष वर्ग, 10 मी. एयर रायफल महिला वर्ग, 25मी. रेपिड फायर पुरूष, 25मी. स्पोर्ट्स पिस्टल महिला, 50 मी. 3 पोजीशन पुरूष वर्ग 50 मी. 3 पोजीशन महिला वर्ग शामिल है।

उल्लेखनीय है कि इस सिलेक्शन ट्रायल में मध्यप्रदेश राज्य शूटिंग अकादमी के दो खिलाड़ी एश्वर्य प्रताप सिंह और आशी चौकसे भी भागीदारी करेंगे। दोनों ही खिलाड़ी अब तक अच्छा प्रदर्शन कर रहे है। एश्वर्य प्रताप सिंह ने टोक्यो ओलम्पिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके है।