नई दिल्ली, 10 अगस्त पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर स्वदेश लौटने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम का भव्य स्वागत हुआ। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर टीम का जोरदार स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर फैन्स ने ढोल-नगाड़े के साथ जश्न मनाया और खिलाड़ियों ने भांगड़े की थाप पर डांस भी किया।
भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने इस शानदार स्वागत पर खुशी जताते हुए कहा कि यह देखकर बहुत अच्छा लग रहा है कि भारतीय प्रशंसक पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक जीतने पर हमें बधाई देने के लिए आगे आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि टीम ने ओलंपिक की तैयारी में पूरी मेहनत की और पूरे देश को हमारी जीत पर खुशी मनाते देखना एक अवर्णनीय एहसास है।
हरमनप्रीत ने हॉकी इंडिया की ओर से जारी बयान में कहा कि पेरिस ओलंपिक एक अविस्मरणीय अनुभव रहा और इस कांस्य पदक ने साबित कर दिया है कि भारतीय हॉकी एक बार फिर मजबूत स्थिति में है। उन्होंने प्रशंसकों से अनुरोध किया कि वे टीम पर विश्वास बनाए रखें और हॉकी से प्यार करते रहें, जिससे वे और भी सफलता प्राप्त कर सकें।
टीम के उप-कप्तान हार्दिक सिंह ने टीम में भाईचारे की चर्चा करते हुए कहा कि हमें एक-दूसरे पर पूरा विश्वास था कि किसी की गलती होने पर अन्य साथी उसकी भरपाई कर देंगे। यही बात हमें मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए प्रेरित करती है।
पेरिस ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम ने 52 साल बाद पहली बार ऑस्ट्रेलिया को 3-2 से हराया और क्वार्टर फाइनल में ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ शानदार खेल दिखाया। हालांकि, ग्रेट ब्रिटेन के खिलाफ पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से जीत के बाद सेमीफाइनल में भारत को जर्मनी के हाथों 3-2 से हार का सामना करना पड़ा। लेकिन भारतीय टीम ने कांस्य पदक के मुकाबले में स्पेन को 2-1 से हराकर कांस्य पदक जीत लिया।

