• 04:16 PM- Apr 11, 2026

पाकिस्तान में पंजगुर के डिप्टी कमिश्नर की गोली मारकर हत्या


पाकिस्तान में पंजगुर के डिप्टी कमिश्नर की गोली मारकर हत्या
Image Source By : Janjeevan

इस्लामाबाद, 13 अगस्त पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सोमवार को पंजगुर के डिप्टी कमिश्नर (डीसी) जाकिर बलूच की गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस घटना को बर्बर और शर्मनाक करार दिया है।

जियो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, मस्तुंग जिले के खड़ा-कुचा इलाके के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर अज्ञात हथियारबंद लोगों ने जाकिर बलूच की कार पर अंधाधुंध गोलीबारी की। डीसी बलूच, पंजगुर नगर समिति के अध्यक्ष अब्दुल मलिक बलूच और उनके दोस्त अहमद जान के साथ पंजगुर से क्वेटा की ओर जा रहे थे। हमलावरों ने कांड उमरानी इलाके के पास उनकी कार पर गोलियां चला दीं और फरार हो गए।

इस हमले में डीसी जाकिर बलूच और उनके दोस्त घायल हो गए। सूचना मिलने पर अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि, प्रारंभिक उपचार के दौरान डीसी बलूच की मृत्यु हो गई।

घायलों को क्वेटा सिविल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भेजा गया। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने डीसी जाकिर बलूच की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के लिए धैर्य की प्रार्थना की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

डान समाचार पत्र के अनुसार, हमलावरों ने सड़क को अवरुद्ध कर वाहनों की तलाशी ली और डिप्टी कमिश्नर के वाहन को भी रोकने की कोशिश की। जब वाहन तेज गति से आगे बढ़ा, तो उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने हमलावरों को पकड़ने के लिए इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है, लेकिन अभी तक किसी भी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।