• 04:17 PM- Apr 11, 2026

पाकिस्तान की सीमा में चला गया मिनी यूएवी, भारत ने वापस मांगा


पाकिस्तान की सीमा में चला गया मिनी यूएवी, भारत ने वापस मांगा
Image Source By : Janjeevan

नई दिल्ली, 23 अगस्त । भारतीय सेना का एक मिनी यूएवी तकनीकी खराबी के कारण शुक्रवार सुबह पाकिस्तान की सीमा में चला गया। पाकिस्तानी सैनिकों ने इसे बरामद कर लिया है। भारतीय सेना ने इस यूएवी को वापस करने के लिए पाकिस्तान को हॉटलाइन संदेश भेजा है, लेकिन अभी तक कोई प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हुई है।

यह घटना शुक्रवार सुबह 9.25 बजे हुई जब भारतीय सीमा के भीतर प्रशिक्षण मिशन पर लगे मिनी यूएवी ने तकनीकी खराबी के कारण नियंत्रण खो दिया और पाकिस्तान के निकियाल सेक्टर में चला गया। पाकिस्तानी सैनिकों ने इस यूएवी को बरामद कर लिया और इसके बाद भारतीय सेना ने इसे वापस करने के लिए पाकिस्तान को हॉटलाइन संदेश भेजा।

इससे पहले, 9 मार्च 2022 को, एक भारतीय मिसाइल तकनीकी गलती के कारण पाकिस्तान की सीमा में चली गई थी, जब उसका सॉफ्टवेयर अपग्रेड और रेंज परीक्षण किया जा रहा था। इस पर पाकिस्तान ने भारत सरकार से विरोध जताया था और दो परमाणु-सशस्त्र पड़ोसियों के बीच सैन्य अभियानों के सुरक्षा तंत्र पर चिंता प्रकट की थी। इसके बाद भारत सरकार ने घटना पर खेद जताते हुए उच्चस्तरीय कोर्ट ऑफ इंक्वायरी का आदेश दिया था।