हर घर तिरंगा फहराने की अपील
वाराणसी, 13 अगस्त 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत मंगलवार को नमो घाट पर देशभक्ति का खास माहौल देखने को मिला। घाट पर नमस्ते स्कल्पचर के पास युवा तिरंगा लेकर इस अभियान से जुड़ गए और 'भारत माता की जय' के उद्घोष ने समां और भी खुशनुमा बना दिया।
नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने लोगों को संकल्प दिलाते हुए देशभक्ति का जज़्बा बढ़ाया और हर घर तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने गंगा किनारे की स्वच्छता के लिए भी शपथ दिलाई। शुक्ला ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा‘ अभियान अब एक जन आंदोलन में बदल चुका है और इससे राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना भी प्रबल हुई है। उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ और मां गंगा से प्रार्थना की कि हर कोई एकजुट होकर राष्ट्रीय ध्वज फहराए।
इसी कड़ी में, काकोरी ट्रेन शताब्दी महोत्सव के तहत मछोदरी स्थित स्वामीनारायण मंदिर के महंत स्वामी प्रेम स्वरूप दास ने भी 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत घर-घर तिरंगा फहराने की अपील की। महंत की अपील पर सामाजिक संस्था सुबह-ए-बनारस क्लब के बैनर तले कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने मैदागिन स्थित श्री हरिश्चंद्र बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज में छात्राओं को तिरंगा झंडा देकर 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा फहराने और लोगों को इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई।
संस्था के अध्यक्ष मुकेश जायसवाल और कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ प्रियंका तिवारी ने कहा कि काकोरी ट्रेन शताब्दी समारोह का मुख्य उद्देश्य राष्ट्र प्रेम की भावना को जागृत करना और स्वतंत्रता के प्रतीकों के प्रति सम्मान बढ़ाना है। इसके लिए 13 से 15 अगस्त तक 'हर घर तिरंगा' अभियान आयोजित किया जा रहा है।

