• 04:18 PM- Apr 11, 2026

देशभर के शिवालयों में सावन की शिवरात्रि पर बम-बम भोले की गूंज, भाजपा ने दी बधाई


देशभर के शिवालयों में सावन की शिवरात्रि पर बम-बम भोले की गूंज, भाजपा ने दी बधाई
Image Source By : Janjeevan

नई दिल्ली, 02 अगस्त सावन की शिवरात्रि के मौके पर आज पूरे देश में शिवालय, देवालय और पूजा स्थलों पर "बम-बम भोले" के जयकारे सुनाई दे रहे हैं। कांवड़ यात्री पवित्र गंगाजल लेकर श्रद्धा से अपने गंतव्यों की ओर बढ़ रहे हैं। आज दोपहर शिवरात्रि के शुभ मुहूर्त के साथ भगवान आशुतोष का जलाभिषेक शुरू होगा। भारतीय जनता पार्टी ने सावन की शिवरात्रि की शुभकामनाएं अपने एक्स हैंडल पर दी हैं।

दिल्ली में सुबह से ही पूजा स्थलों पर भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। चांदनी चौक स्थित गौरी शंकर मंदिर और कालकाजी मंदिर में भक्त पूजा-अर्चना में व्यस्त दिखाई दिए। उत्तर प्रदेश के प्रमुख स्थलों पर भी सावन की शिवरात्रि बड़े धूमधाम से मनाई जा रही है।

अयोध्या के नागेश्वर नाथ मंदिर, वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर, प्रयागराज के मनकामेश्वर मंदिर, और मेरठ के काली पलटन मंदिर में भक्तों की लंबी कतारें लगी हुई हैं। उत्तराखंड के हरिद्वार में, मां गंगा के पवित्र तटों पर लोग स्नान कर शिवालयों की ओर बढ़ रहे हैं, जहां कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर में सबसे अधिक भीड़ देखी जा रही है।

हरिद्वार और गोमुख से पवित्र गंगाजल लेकर राजस्थान और हरियाणा के कांवड़ यात्री तेजी से अपने गंतव्यों की ओर बढ़ रहे हैं। दिल्ली में रात्रि विश्राम के बाद, उन्होंने आज सुबह अपने गंतव्यों की ओर प्रस्थान किया। कांवड़ मार्गों पर "बम-बम भोले" के उद्घोष की गूंज लगातार सुनाई दे रही है।