तेज गेंदबाजी आसान नहीं, इसमें महारत के लिए अनुशासन बेहद जरूरी: नवदीप सैनी
Aug 21, 2024 | by Janjeevan
नई दिल्ली, 21 अगस्त । भारत के लिए 2 टेस्ट, 8 वनडे और 11 टी20 मैचों में हिस्सा ले चुके तेज गेंदबाज नवदीप सैनी वर्तमान में दिल्ली प्रीमियर लीग में वेस्ट दिल्ली लायंस टीम का हिस्सा हैं। नवदीप का मानना है कि सफल गेंदबाजी के लिए अनुशासन और निरंतर अभ्यास की आवश्यकता होती है।
इस लीग में अब तक खेले गए एकमात्र मैच में जीत दर्ज करने वाली वेस्ट दिल्ली लायंस अपनी विजयी लय को बनाए रखना चाहती है। टीम का अगला मुकाबला बुधवार को नई दिल्ली के श्री अरुण जेटली स्टेडियम में पुरानी दिल्ली 6 के खिलाफ होगा।
टीम के प्रदर्शन पर नवदीप सैनी ने कहा कि हमारा पहला मैच बेहतरीन रहा और हमारी योजना के अनुसार सब कुछ सही ढंग से हुआ। खेल के दौरान सभी खिलाड़ी एक-दूसरे का समर्थन कर रहे थे। यह हम सभी के लिए पहली बार था जब हम एक टीम के रूप में खेले और हमने मिलकर अच्छा प्रदर्शन किया।
उन्होंने आगे कहा, "पहले मैच में जीत हासिल करना टीम के आत्मविश्वास को बढ़ाता है और आगे के मैचों के लिए हमें प्रोत्साहित करता है। हमने आज के खेल के लिए भी अच्छी तैयारी की है। हमारी रणनीति वही है जो पहले मैच में थी, और हमने उसे आज के मैच में भी अपनाया है।"
वेस्ट दिल्ली लायंस के सबसे अनुभवी खिलाड़ी नवदीप ने कहा, "जब से मैंने क्रिकेट खेलना शुरू किया है, मैंने हमेशा अपनी फिटनेस पर ध्यान दिया है। तेज गेंदबाजी आसान नहीं है, इसमें निपुणता हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत की जरूरत होती है। यदि आप एक तेज गेंदबाज बनना चाहते हैं, तो अनुशासन का पालन करना अत्यंत आवश्यक है।"
वेस्ट दिल्ली लायंस की टीम में शामिल खिलाड़ी: रितिक शौकीन, नवदीप सैनी, देव लाकड़ा, दीपक पुनिया, शिवांक वशिष्ठ, अखिल चौधरी, आयुष डोसेजा, कृष यादव, अनमोल शर्मा, जुगल सैनी, अंकित राजेश कुमार, विवेक यादव, आर्यन दलाल, मसाब आलम, एकांश डोबाल, शिवम गुप्ता, योगेश कुमार, सूर्यकांत चौहान, तिशांतडोनल, अब्राहम अहमद मसूदी।

