• 04:18 PM- Apr 11, 2026

अमित शाह ने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री से राज्य में बाढ़ की स्थिति के बारे में ली जानकारी


अमित शाह ने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री से राज्य में बाढ़ की स्थिति के बारे में ली जानकारी
Image Source By : Janjeevan

नई दिल्ली, 22 अगस्त । केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुरुवार को त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा से फोन पर बात कर राज्य में बाढ़ की स्थिति पर जानकारी ली। अमित शाह ने अपनी एक्स पोस्ट में कहा कि केंद्र सरकार राहत और बचाव कार्यों के लिए एनडीआरएफ की टीमों, नावों और हेलीकॉप्टरों को त्रिपुरा भेज रही है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जरूरत पड़ने पर केंद्र हर संभव सहायता प्रदान करेगा। मोदी सरकार इस संकट की घड़ी में त्रिपुरा के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है।

मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा ने भी एक्स पर पोस्ट कर कहा कि उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से गंभीर बाढ़ की स्थिति के बारे में बात की। शाह ने आश्वस्त किया कि त्रिपुरा के लिए असम और अरुणाचल प्रदेश से 11 एनडीआरएफ टीमों को भेजा जाएगा। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों को एयरलिफ्ट करने के लिए हेलीकॉप्टरों की व्यवस्था की जाएगी और अधिक नावें भी भेजी जाएंगी। मुख्यमंत्री ने राहत कार्यों के लिए केंद्रीय गृह मंत्री का धन्यवाद किया और राज्य सरकार की मशीनरी की लगातार कोशिशों को सराहा। 

राज्य सरकार ने इस अभूतपूर्व प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रही है और जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों को इस संकट की घड़ी में सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।