• 04:16 PM- Apr 11, 2026

अभिनेता राजपाल यादव की करोड़ों की संपत्ति को बैंक ने किया जब्त


अभिनेता राजपाल यादव की करोड़ों की संपत्ति को बैंक ने किया जब्त
Image Source By : Janjeevan

बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव को लेकर एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। बैंक ने उनकी करोड़ों रुपये की संपत्ति को जब्त कर लिया है। राजपाल ने बैंक से कर्ज लिया था, लेकिन वह इसे चुकाने में असमर्थ रहे, जिसके कारण बैंक ने उनके खिलाफ कठोर कदम उठाया। यह संपत्ति उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर स्थित सेठ एन्क्लेव में है।

इस मामले का संबंध राजपाल की 2012 में आई फिल्म 'अता पता लापता' से है। इस फिल्म का निर्देशन राजपाल ने किया था और उनकी पत्नी राधा यादव निर्माता थीं। इसके लिए राजपाल ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, मुंबई की बांद्रा शाखा से पांच करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। हालांकि, 12 साल बीत जाने के बावजूद कर्ज न चुकाने के कारण बैंक ने उनकी शाहजहांपुर स्थित संपत्ति को जब्त कर लिया है।

मुंबई स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारी हाल ही में शाहजहांपुर गए थे और वहां राजपाल की संपत्ति पर एक बैनर लगा दिया। बैनर पर लिखा था कि यह संपत्ति सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, मुंबई की है और इसे किसी भी तरह से खरीदी या बेची नहीं जा सकती। सोमवार की सुबह, बैंक के अधिकारियों ने संपत्ति को आधिकारिक रूप से जब्त कर लिया।

राजपाल यादव ने यह कर्ज अपने पिता नौरंगी लाल यादव के नाम पर लिया था, लेकिन इसे चुकाने में विफल रहने के कारण बैंक ने उनकी संपत्ति जब्त कर ली। इस मामले पर राजपाल यादव की तरफ से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

इससे पहले, 2018 में भी राजपाल यादव को एक समान मामले में तीन महीने की जेल की सजा सुनाई गई थी। दिल्ली स्थित कंपनी मुरली प्रोजेक्ट्स ने राजपाल यादव की श्री नौरंग गोदावरी एंटरटेनमेंट के खिलाफ सिविल केस दायर किया था। 2010 में कर्ज न चुकाने पर उन्हें तीन महीने की जेल की सजा मिली थी।